कपकोट आपदा पर बीजेपी की समीक्षा बैठक, कई कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल
संवाददाता सीमा खेतवाल
कपकोट (बागेश्वर)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पार्टी की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मथुरा प्रसाद ने की। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल और राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने भी बैठक को संबोधित किया।
बैठक में हाल ही में कपकोट क्षेत्र में आई आपदा पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। वे रात-दिन मेहनत कर हर प्रभावित क्षेत्र तक पहुँच रहे हैं। वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा गया कि संकट की इस घड़ी में विपक्ष सहयोग की बजाय भ्रामक बयानबाज़ी कर रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
सभा के दौरान कांग्रेस पार्टी छोड़कर कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। इनमें विशाखा खेतवाल (पत्नी श्री दीपक खेतवाल), धन सिंह खेतवाल, हरीश खेतवाल, सुमित खेतवाल, एवं कांडा-कमस्यार क्षेत्र से दीपा देवी समेत अनेक समर्थक शामिल रहे। सभी ने भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ली।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र राठौड़, गिरीश खेतवाल, महेश खेतवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह शाही, श्रीमती दीपा आर्य सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
