देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / रुड़की / हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF उत्तराखण्ड द्वारा राज्य को नशामुक्त बनाने के दृष्टिगत STF/ANTF की सभी यूनिटों को नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने व मादक पदार्थों/नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 24 नवम्बर 2026 को STF की ANTF टीम और औषधि निरीक्षक की संयुक्त कार्रवाई में रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर अवैध नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
गोपनीय इनपुट पर जनता मेडिकल स्टोर में छापेमारी, दस्तावेज नहीं दिखा सका अभियुक्त
STF/ANTF टीम को गोपनीय इनपुट प्राप्त हुआ था कि रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर का संचालक बिना वैध लाइसेंस के नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। इस सूचना पर STF टीम ने औषधि निरीक्षक को साथ लेकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए जनता मेडिकल स्टोर, रुड़की पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ व तलाशी में नशीली दवाएं बरामद हुईं, लेकिन वैध लाइसेंस, क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख और चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन मांगे जाने पर अभियुक्त कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद दवाओं का विवरण
मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इरशाद पुत्र गुलफाम (उम्र 26 वर्ष, निवासी राजपुताबा, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार) के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से निम्नलिखित दवाएं बरामद की गईं:
-
682 कैप्सूल SPASMED (ट्रामाडोल युक्त)
-
600 टैबलेट ALPRAZOLAM
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त नशीली दवाएं खरीदकर लाया था तथा इन्हें फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाता था, जबकि उसके पास इनके क्रय-विक्रय एवं भंडारण का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाया गया।
थाना गंगनहर में NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत
अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


