त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतगणना से पहले बागेश्वर पुलिस अलर्ट मोड पर, एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
संवाददाता: सीमा खेतवाल
बागेश्वर, 30 जुलाई 2025 — त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब प्रशासन की तैयारियां मतगणना को लेकर तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बागेश्वर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है, और मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, चंद्रशेखर घोडके ने मंगलवार को ब्लॉक गरुड़ तथा डिग्री कॉलेज बागेश्वर स्थित मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

एसपी घोडके ने निर्देशित किया कि—
-
मतगणना स्थल में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
-
सुरक्षा के लिहाज से ड्यूटी चार्ट तैयार कर प्रत्येक पुलिसकर्मी की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए।
-
मतगणना स्थलों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
-
मतगणना के दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल पूर्व निर्धारित किए जाएं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक ने तैनात पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
