सरकारी विज्ञापन
Sat. Oct 10th, 2026
Spread the love

रुड़की में कथित पत्रकार रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगम कर्मचारी को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कर रहा था ब्लैकमेल

रुड़की। नगर निगम के एक लिपिक को अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये की मांग करने वाले एक कथित पत्रकार को रुड़की पुलिस ने मंगलवार देर शाम रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई एक योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी, जिसमें आरोपी को 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए दबोचा गया।

नगर निगम में कार्यरत एक लिपिक ने रुड़की कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक पत्रकार ने उनके कार्यालय की एक गोपनीय वीडियो बना ली है और अब वह इस वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस की योजना के अनुसार पीड़ित लिपिक ने आरोपी से संपर्क किया और रकम देने की बात स्वीकार की। पहले आरोपी ने उसे कोर अंडरपास पर बुलाया, लेकिन बाद में स्थान बदलकर शांतरशाह अंडरपास तय किया। तय समय पर जैसे ही पीड़ित ने आरोपी को 50 हजार रुपये सौंपे, मौके पर छिपी पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी के पास से पीड़ित द्वारा दिए गए 50 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार खरे, पुत्र स्वर्गीय गोपाल, निवासी पदार्था, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या उसने इस तरह की ब्लैकमेलिंग की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या धमकी की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love