एसपी बागेश्वर के निर्देश पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
रैट्रो साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण करने व रैश ड्राइविंग करने वाले दो वाहन सीज
संवाददाता – सीमा खेतवाल, बागेश्वर
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके के आदेश एवं पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नाबालिग चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों, बिना रिफ्लेक्टर, बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 10 अगस्त 2025 को थानाध्यक्ष कपकोट, उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामंत के नेतृत्व में भराड़ी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान दो बड़ी कार्रवाइयां की गईं—
लोहारखेत निवासी शेर सिंह को रेट्रो साइलेंसर युक्त बुलेट मोटरसाइकिल (संख्या HR26EF2789) को बिना हेलमेट और रैश ड्राइविंग करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही वाहन का साइलेंसर हटवाया गया और मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया। साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू की गई।
भराड़ी निवासी नीरज कोश्यारी को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के, स्कूटी (संख्या UK02B4156) पर तीन सवारी बैठाकर रैश ड्राइविंग करते हुए पकड़ा गया। स्कूटी को सीज कर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
