सरकारी विज्ञापन
Police Investigation and Theft Crackdown in Haldwani Nainital Uttarakhand
Spread the love

हल्द्वानी। घर में गीजर ठीक करने के बहाने पहुंचकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चोरी की घटना का खुलासा हो गया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल ने 25 नवंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का एक व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद, निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई।

पुलिस ने 26 नवंबर को 33 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब पांच तोले वजन के दो पीली धातु के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में BNS की धारा 317(2) भी बढ़ा दी है।

गीजर ठीक कराने के बहाने घर में हुई इस चोरी का खुलासा करते हुए हल्द्वानी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में किसी भी अनजान व्यक्ति को काम के लिए बुलाते समय उसकी पहचान और सत्यापन जरूर करें।


Spread the love

By admin