उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 से 15 अगस्त तक केदारनाथ यात्रा स्थगित
उत्तराखंड में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने 12 से 15 अगस्त तक केदारनाथ धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की अपील की जा रही है।
संभावित मार्ग अवरोध से निपटने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के खतरनाक इलाकों में 24 घंटे जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी रुकावट को तुरंत दूर किया जा सके। पुलिस, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन दल लगातार गश्त और निगरानी कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार—
-
12 अगस्त: हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल में रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट।
-
13 अगस्त: देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में रेड अलर्ट।
-
14-15 अगस्त: विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू रहेगा।
