Spread the love

रेड क्रॉस भवन में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बीआईएस केयर एप की जानकारी देकर प्रशिक्षणार्थियों को किया गया जागरूक

संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर, 12 अगस्त। रेड क्रॉस भवन, बागेश्वर में रेड क्रॉस सोसाइटी और जनशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा के निर्देशानुसार उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को बीआईएस केयर एप के उपयोग की जानकारी दी गई और उनके मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार इस एप के माध्यम से उपभोक्ता आईएसआई मार्क, हॉलमार्क, और आर मार्क वाले उत्पादों की प्रमाणिकता की जांच कर सकते हैं।

आईएसआई मार्क की जांच के लिए सीएमएल नंबर, हॉलमार्क के लिए एचयूआईडी नंबर, और आर मार्क के लिए सीआरएस नंबर का प्रयोग किया जाता है। एप के माध्यम से उपभोक्ता नकली वस्तुओं की शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं तथा किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता और सुरक्षा की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य एवं रिसोर्स पर्सन दीप चंद्र जोशी ने उपभोक्ता जागरूकता के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जागरूक उपभोक्ता ही समाज में गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

जनशिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. जितेंद्र तिवारी ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 की जानकारी दी और प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और केवल प्रमाणित, सुरक्षित और विश्वसनीय उत्पादों का ही उपयोग करें।

इस अवसर पर तीस से अधिक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह से कार्यक्रम में भाग लिया। सभी ने बीआईएस केयर एप के नियमित उपयोग और एक जागरूक उपभोक्ता बनने का संकल्प लिया।

उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में जया भाकुनी, भावना जोशी, ममता रावत, लक्ष्मी देवी, पूजा देवी, प्रियंका साह, निर्मला, रंजना उपाध्याय, कमला देवी, ममता देवी, नीतू गोस्वामी, बबीता देवी, नरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।


Spread the love