हल्द्वानी नगर निगम में वार्डवार जन सुविधा शिविर जारी
जनता की समस्याओं का मौके पर निस्तारण, योजनाओं का मिला लाभ

हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना के निर्देशानुसार नगर निगम हल्द्वानी- काठगोदाम क्षेत्र में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु वार्डवार जन सुविधा शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन शिविरों में न केवल क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी वहीं पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
शनिवार को वार्ड संख्या 33 में पार्षद कार्यालय तथा वार्ड संख्या 34 में शिवा गार्डन कैनाल रोड पर शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएँ अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को सुना और अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया।
शिविरों में सबसे अधिक शिकायतें खाद्यान्न विभाग से संबंधित रहीं। राशन कार्ड से नाम हटाकर नया कार्ड बनाने और कार्ड में नए सदस्यों के नाम जोड़ने से जुड़ी 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट मरम्मत एवं नई लाइट लगाने से जुड़ी 6 समस्याएँ भी प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण संबंधित विभाग द्वारा किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान आधार सेवा केंद्र के माध्यम से 26 नए आधार कार्ड बनाए गए और संशोधन कार्य किए गए। वहीं, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण के 8 आवेदन प्राप्त हुए।
इन शिविरों में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, पार्षद ज्योति पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि आगामी सोमवार 1 सितम्बर को वार्ड संख्या 31 का शिविर मैरिज हॉल, इंदिरा नगर ताज में और वार्ड संख्या 32 का शिविर राजकीय इंटर कॉलेज, बनभूलपुरा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर इनका लाभ उठाएँ।
