Spread the love

हरिद्वार: अवैध संबंध के शक में दोस्त की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पत्नी से अवैध संबंधों के शक में एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के कुछ ही समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बिजनौर (उ.प्र.) के स्योहारा थाना क्षेत्र के नौगांव निवासी ललित और हरिद्वार के धर्मेंद्र आपस में दोस्त थे। दोनों रावली महदूद गांव में एक ही मकान में किराए पर रहते थे और पास की एक फैक्ट्री में काम करते थे।

शुक्रवार रात को धर्मेंद्र को शक हुआ कि उसकी पत्नी और ललित के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक ने उसे हैवान बना दिया। देर रात जब ललित गहरी नींद में था, तभी धर्मेंद्र ने उसके सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद उसने दुपट्टे से गला दबाकर ललित की हत्या कर दी।

मकान मालिक सुखबीर सिंह ने जब वारदात की भनक पाई तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी धर्मेंद्र (42) को लंबे समय से अपनी पत्नी और दोस्त ललित के बीच संबंध होने का संदेह था। यह शक धीरे-धीरे उसके मन में जुनून बन गया और आखिरकार उसने हत्या जैसा कदम उठा लिया।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा और कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी और जांच में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उप निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, हेड कांस्टेबल मुजफ्फर बेग और कांस्टेबल सुंदर सिंह की टीम शामिल रही।


Spread the love