लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 6 की मौत, कई घायल
बेहटा बाजार में अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा, मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित बेहटा बाजार में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पटाखा व्यवसायी आलम अपने घर में ही अवैध रूप से पटाखे और बारूद तैयार कर रहा था। अचानक हुए विस्फोट से पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। मलबे में दबकर आलम, उनकी पत्नी और दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का इलाका दहल उठा। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के घरों और दुकानों के शीशे टूट गए, जबकि इलाके में सन्नाटा पसर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में तीन से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी बुला ली गई है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि आलम बिना किसी लाइसेंस के घर में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण कर रहा था। मौके से भारी मात्रा में बारूद मिलने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
