Spread the love

मंत्री रेखा आर्या ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, गोला नदी के भूकटाव रोकने के स्थाई समाधान का दिया आश्वासन

लालकुआं। महिला कल्याण, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने रविवार को नैनीताल जनपद के विधानसभा क्षेत्र लालकुआं के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

मंत्री ने निरीक्षण के दौरान बिंदुखत्ता के इंद्रानगर क्षेत्र में भारी बारिश एवं गोला नदी के जल स्तर बढ़ने से ग्रामीणों की कृषि भूमि और भवनों को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने गोला नदी से हर वर्ष हो रहे भूकटाव की समस्या रखते हुए स्थायी समाधान की मांग उठाई।

मंत्री रेखा आर्या ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गोला नदी से होने वाले भूकटाव की रोकथाम हेतु कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के माध्यम से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अनुरूप शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने उप जिलाधिकारी लालकुआं, सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से नुकसान और सुरक्षा कार्यों की जानकारी ली। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने अवगत कराया कि तात्कालिक तौर पर वन विभाग ने भूकटाव रोकने हेतु 38 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के स्थाई समाधान के लिए वन विभाग, सिंचाई विभाग और ब्रिडकुल द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है और ब्रिडकुल के माध्यम से विस्तृत प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोला नदी से हर वर्ष होने वाले भूकटाव से ग्रामीणों को बड़ा नुकसान होता है, इसलिए इसका स्थाई समाधान आवश्यक है। उन्होंने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल, सिंचाई विभाग और वन विभाग को शीघ्र ही बाढ़ सुरक्षा कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, अधिशासी अभियंता सिंचाई दिनेश रावत, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, बीडीओ तनवीर असगर, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, दीपेंद्र कौशयारी, कमलेश चंदोला सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Spread the love