काशीपुर- मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
काशीपुर, 8 सितम्बर । माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित दो दिवसीय जनपद भ्रमण एवं कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को काशीपुर स्थित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले श्री ननकाना साहिब बड़ा गुरुद्वारा पहुँचे, जहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर द्वारा गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूर्ण होने पर असम से अमृतसर तक नगर कीर्तन (पदयात्रा) आयोजित किया जा रहा है। इस नगर कीर्तन को काशीपुर से मुख्यमंत्री श्री धामी स्वयं रवाना करेंगे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने होटल अनन्या रेजिडेंसी का निरीक्षण किया, जहाँ मुख्यमंत्री की प्रभुद्धजनों से भेंट एवं विचार-विमर्श का कार्यक्रम प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और अन्य आवश्यक तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएँ और कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपदवासियों को राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का प्रत्यक्ष अनुभव कराने का अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अभय कुमार, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
