हीरानगर में 24 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, इंटरनेट पर पोस्ट किया था वीडियो
हल्द्वानी। शहर के हीरानगर इलाके में सोमवार देर रात एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय सृजल जोशी पुत्र राहुल जोशी निवासी हीरानगर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सृजल ने अपने घर के बाथरूम में धारदार हथियार से गला रेतकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने तुरंत उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता राहुल जोशी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा और आरएसएस के कई नेता भी अस्पताल पहुँचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
सूत्रों के मुताबिक, सृजल ने आत्महत्या से पहले इंटरनेट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने अपनी बीमारी से लंबे समय से जूझने की बात कही थी। हालांकि उसने बीमारी का नाम स्पष्ट नहीं किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और युवक के मोबाइल व इंटरनेट गतिविधियों की भी जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं घटना के पीछे किसी और तरह का दबाव या कारण तो जिम्मेदार नहीं है।
घटना के बाद से हीरानगर क्षेत्र में शोक का माहौल है। आस-पड़ोस के लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुँचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
