हल्द्वानी: पथरी ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत,परिजन बोले – घर से चलकर आया था
देर रात अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत हो जाने से बुधवार देर रात हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और जांच का आश्वासन दिया।
रामपुर रोड, पंचायत घर किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ललित मोहन सिंह (45 वर्ष) को गुर्दे में 11 एमएम की पथरी की शिकायत थी। बुधवार को उन्हें परिवारजन उपचार के लिए मुखानी नहर कवरिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल लाए थे। परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे डॉक्टर ललित को ऑपरेशन के लिए ले गए।
ललित के भाई भरत मोहन सिंह का आरोप है कि देर शाम करीब छह बजे उन्हें ओटी में बुलाया गया, जहां उन्हें बताया गया कि ललित की मौत हो चुकी है। उनका कहना है कि ललित खुद चलकर अस्पताल आए थे, लेकिन ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से उनकी जान चली गई।
मृतक की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और अन्य लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजन डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पर एसएसआई रोहताश सागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
