हल्द्वानी: नशे में धुत होमगार्ड सिपाही की गुंडागर्दी, कोतवाली के भीतर रिटायर्ड रोडवेज कर्मी की नाक की हड्डी तोड़ी, हंगामे के बाद पैरों में गिरकर मांगी माफी
Haldwani News: हल्द्वानी में गदरपुर तैनात एक होमगार्ड सिपाही की हरकतों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नशे में धुत सिपाही ने पहले सड़क पर मामूली बस-बाइक टक्कर के बाद सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी से मारपीट की, और जब पीड़ित शिकायत के लिए कोतवाली पहुंचा तो सिपाही ने वहीं पहुंचकर उसकी नाक की हड्डी तक तोड़ दी। मामला तूल पकड़ने पर गुरुवार को कोतवाली में ही आरोपी सिपाही पीड़ित के पैरों में गिरकर माफी मांगता दिखाई दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद? बस स्टेशन के पास मामूली टक्कर बनी बड़ा मामला
बुधवार देर रात रोडवेज बस स्टेशन के पास एक बस और बाइक की हल्की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक गिरते ही उस पर सवार तीन युवक बस परिचालक से बहस में उलझ गए और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
शोर सुनकर पास ही मौजूद सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी विपिन बहुगुणा मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन बाइक सवार युवकों ने उनकी बात मानने के बजाय उन्हीं पर हमला कर दिया।
शिकायत करने पहुंचे थे, वहीं हो गया फिर हमला
हमले से बचकर विपिन बहुगुणा शिकायत दर्ज कराने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। इसी दौरान पीछे से एक युवक भी वहां पहुंच गया और कोतवाली के अंदर ही विपिन बहुगुणा पर हमला कर दिया।
हमले में उनकी नाक की हड्डी टूट गई। पूछताछ में पता चला कि हमला करने वाला युवक कोई और नहीं, बल्कि गदरपुर में तैनात एक होमगार्ड सिपाही था, जो घटना के समय नशे में धुत था।
रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा, कोतवाली में हंगामा
गुरुवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही रोडवेज कर्मचारी भारी संख्या में कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए आरोपी सिपाही को तुरंत बुलाया।
जैसे ही सिपाही को अपनी हरकतों के गंभीर परिणामों का एहसास हुआ, वह पीड़ित के पैरों में गिरकर माफी मांगने लगा।
बातचीत के बाद समझौता, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
करीब एक घंटे की बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
