Spread the love

संपत्ति विवाद ने बढ़ाया तनाव, डीएम ने छीना शस्त्र लाइसेंस

नैनीताल। जिले में पारिवारिक विवाद के चलते उत्पन्न हो रहे तनाव और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कड़ा निर्णय लिया है। भुजियाघाट निवासी विकास किरौला का शस्त्र लाइसेंस प्रशासन द्वारा निरस्त कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास किरौला का अपने पिता और सगे भाई के साथ भूमि व संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते परिवार के भीतर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पिता और भाई द्वारा प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र में अपने जीवन और सुरक्षा को लेकर भय व्यक्त किया गया था।

मामले की जांच के दौरान सामने आया कि पारिवारिक संबंधों में गहरा मतभेद और भावनात्मक असंतुलन बना हुआ है। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि और संपत्ति से जुड़े विवाद अत्यंत संवेदनशील होते हैं और ऐसी परिस्थितियों में किसी व्यक्ति के पास शस्त्र होना लोक शांति एवं सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न कर सकता है।

सभी तथ्यों, उपलब्ध अभिलेखों और संभावित जोखिमों का आकलन करने के बाद जिलाधिकारी ने विकास किरौला का शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।


Spread the love