लाल-नीली बत्ती की हनक पड़ी भारी! हरिद्वार में फर्जी वीआईपी बन घूम रहा युवक चेकिंग में धराया, स्कॉर्पियो सीज
हरिद्वार। सड़कों पर लाल-नीली बत्ती और तेज हूटर के दम पर रौब झाड़ना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस की सख्त चेकिंग के दौरान उसकी हेकड़ी उस समय निकल गई जब काले शीशों वाली स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई और पूरा ‘वीआईपी खेल’ मौके पर ही खत्म कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को सिडकुल थाना क्षेत्र के किर्गी चौक पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान UK07 FG 3184 नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो तेज हूटर बजाते हुए पहुंची। वाहन की स्टाइल और आवाज से वीआईपी मूवमेंट का आभास हो रहा था, लेकिन जब पुलिस ने गाड़ी रुकवाई तो असलियत सामने आ गई।
जांच में पाया गया कि वाहन में नियमों के खिलाफ काली फिल्म चढ़ी हुई थी और अवैध रूप से हूटर लगाया गया था, जिससे फर्जी वीआईपी स्टेटस का प्रदर्शन किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत स्कॉर्पियो को सीज कर दिया।
वाहन चालक की पहचान अमन चौधरी पुत्र संजय कुमार निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को अवैध तरीके से लाल-नीली बत्ती, हूटर या काले शीशों का इस्तेमाल कर वीआईपी होने का दिखावा करने की अनुमति नहीं है। ऐसे मामलों में आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित युवक का नाम पहले भी बेलड़ा कांड में सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

