Spread the love

कत्यूर महोत्सव का भव्य शुभारंभ, संस्कृति और परंपरा का दिखेगा संगम

संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर (गरुड़): बैजनाथ भकुनखोला मैदान में आयोजित चार दिवसीय कत्यूर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा रिबन काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया गया।

शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कत्यूर महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कत्यूर घाटी के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। साथ ही, यह स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है।

दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि कत्यूर घाटी ऐतिहासिक धरोहर से समृद्ध क्षेत्र है और यह महोत्सव यहां की संस्कृति को उजागर करने का सशक्त माध्यम है। विधायक पार्वती दास ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने भी महोत्सव को विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बताया।

मुख्य विकास अधिकारी असरसी तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

महोत्सव में विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, वन, आयुर्वेद, कृषि, पशुपालन, दीनदयाल ग्रामीण आजीविका मिशन (रीप), उद्यान, लीड बैंक/आरसेटी, समाज कल्याण, सेवायोजन, बाल विकास, डेयरी, सहकारिता, मत्स्य एवं उद्योग—द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

इसके अलावा, महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, भजन संध्या, स्टार नाइट, वॉलीबॉल प्रतियोगिता, पेंटिंग, ऐपण, सुलेख एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं तथा स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष बागेश्वर सुरेश खेतवाल, उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love