नैनीताल जिलाधिकारी का ग्राउंड एक्शन—हरिपुरा में क्रॉप कटिंग कर परखी फसल की सच्चाई
हल्द्वानी, 4 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी तहसील के ग्राम हरिपुरा तुलाराम में रबी फसल की क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) का निरीक्षण किया और मौके पर प्रयोग संपन्न कराया।
यह प्रयोग किसान नागेंद्र सिंह के खेत में 43.3 वर्ग मीटर के प्लॉट पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने खेत में उगाई जा रही फसलों की जानकारी ली और किसानों से सीधे संवाद भी किया।
जिलाधिकारी ने किसानों को फसल नुकसान से बचाव के लिए फसल बीमा कराने की सलाह दी और कहा कि यह योजना कठिन परिस्थितियों में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए, ताकि फसल उत्पादन का सही और वैज्ञानिक आकलन हो सके।
उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज, कुल उत्पादन और उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। ये आंकड़े समर्थन मूल्य निर्धारण, सरकारी खरीद और कृषि योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाली बीमा क्षतिपूर्ति भी इसी प्रक्रिया पर निर्भर करती है।
इस मौके पर तहसीलदार कुलदीप पांडे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी महेंद्र सिंह डांगी, मीना नेगी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि हेम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



