Spread the love

फर्जी NCERT पुस्तकों का भंडाफोड़: मुख्य आरोपी नफीस खान गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने फर्जी NCERT पुस्तकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी नफीस खान उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने 17 मार्च 2026 को NCERT नई दिल्ली के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया था। मामला धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) BNS एवं कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63/65 के तहत पंजीकृत किया गया।

जांच में सामने आया संगठित नेटवर्क

विवेचना के दौरान सामने आया कि नफीस खान अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी NCERT पुस्तकों का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। गिरोह विभिन्न राज्यों में गोदाम किराये पर लेकर नकली पुस्तकों का भंडारण करता था।

पुलिस जांच के अनुसार, बरेली के भोजीपुरा से बरामद नकली पुस्तकों को रुद्रपुर के कीरतपुर स्थित गोदाम में रखा गया। इसके बाद पुस्तकों के कवर की छपाई के लिए मथुरा की प्रिंटिंग प्रेस का इस्तेमाल किया जाता था। तैयार माल को राजस्थान के भरतपुर स्थित गोदामों में भेजकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।

परिवहन और वितरण का पूरा नेटवर्क

आरोपी वाहन मालिकों के माध्यम से नकली पुस्तकों को मेरठ समेत अन्य जिलों में भिजवाता था और गोदामों का किराया भी स्वयं ही वहन करता था। इस तरह गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।

3 अप्रैल को हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी नफीस खान को 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया।

आरोपी का विवरण

नाम: नफीस खान उर्फ राजू
पिता: यामीन खान
मूल निवासी: बनवारीपुर मीरपुर, थाना रोहटा, मेरठ (उ.प्र.)
वर्तमान पता: समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ
उम्र: लगभग 45 वर्ष

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

नफीस खान पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में थाना परतापुर, मेरठ में धोखाधड़ी व जालसाजी समेत कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। वर्ष 2023 में थाना भोजीपुरा, बरेली में भी धारा 420 IPC व कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें वह जेल जा चुका है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love