हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर संचालक की संदिग्ध मौत, कर्ज से परेशान होकर जहर खाने की आशंका
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक मेडिकल स्टोर संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया मामला कर्ज से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा स्थित रुद्र विहार निवासी 45 वर्षीय प्रकाश चंद्र महतोलिया शुक्रवार को अपने घर में अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रकाश घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी पिथौरागढ़ में गेस्ट टीचर के पद पर तैनात हैं, जबकि पुत्र भी उनके साथ वहीं रहता है। परिजनों के अनुसार, आठ अप्रैल को उनकी प्रकाश से आखिरी बार बातचीत हुई थी।
शुक्रवार को जब परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर प्रकाश फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। मौके पर उनके मुंह से झाग निकल रहा था और कमरे में उल्टी के निशान भी पाए गए, जिससे जहर खाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रकाश पर बैंक का लोन था और वह आर्थिक दबाव में थे। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है। शनिवार को पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





