काशीपुर में अंबेडकर जयंती के बाद दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटा, 17 वर्षीय किशोर की मौत, चार घायल
काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। अंबेडकर जयंती के जुलूस के बाद लौट रहे युवकों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। कुंडेश्वरी क्षेत्र के ढकिया कला में एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार पांच युवक उसके नीचे दब गए। हादसे में एक 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ढकिया कला में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ युवक ट्रैक्टर में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नाले की दीवार के पास ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर टकराया और पलट गया।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
इस दुर्घटना में 17 वर्षीय प्रशांत (पुत्र योगेश) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं सौरभ, सागर, विशाल और वंश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जुलूस से लौटते समय यह दुखद हादसा हुआ है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






