वनाग्नि की चुनौतियों को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट, नगर में फायर हाइड्रेंटों की हुई सघन टेस्टिंग
संवाददाता: सीमा खेतवाल
बागेश्वर। फायर सीजन की संवेदनशीलता और वनाग्नि (जंगलों की आग) की घटनाओं को देखते हुए बागेश्वर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशों के बाद फायर यूनिट ने नगर क्षेत्र में स्थापित फायर हाइड्रेंटों का सघन निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता को परखा।
संयुक्त टीम ने जांची हाइड्रेंट की ताकत आज दिनांक 26 अप्रैल 2026 को फायर यूनिट बागेश्वर और जल निगम की एक संयुक्त टीम ने मंडलसेरा सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान टीम के साथ जल निगम के पंप ऑपरेटर भी मौजूद रहे, जिनकी मदद से हाइड्रेंटों के जल प्रेशर (Water Pressure) और उनके संचालन की स्थिति की बारीकी से जांच की गई।
आपात स्थिति के लिए पूरी तैयारी निरीक्षण के दौरान संतोषजनक परिणाम सामने आए हैं। फायर यूनिट ने बताया कि नगर क्षेत्र में स्थापित सभी फायर हाइड्रेंट पूरी कार्यक्षमता के साथ सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आग लगने जैसी किसी भी आपातकालीन स्थिति में बिना समय गंवाए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
एसपी के निर्देश पर सुरक्षा घेरा सख्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने स्पष्ट किया है कि फायर सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। वनाग्नि की घटनाओं पर काबू पाने और रिहायशी इलाकों को सुरक्षित रखने के लिए उपकरणों का अपडेट रहना अनिवार्य है। पुलिस प्रशासन द्वारा जनता से भी अपील की गई है कि वे आग की किसी भी घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दें।





