पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
पिथौरागढ़ (अस्कोट)। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अस्कोट थाना क्षेत्र के घिंघरानी गांव में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है और शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल सीमा से लगे द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक विवाह समारोह का आयोजन हो रहा था। इस समारोह में घिंघरानी निवासी भुवन प्रसाद (50 वर्ष) अपनी पत्नी गीता देवी (38 वर्ष) के साथ शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर भुवन प्रसाद ने पास ही रखी कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी पत्नी के गर्दन और सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि गीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद मेहमान और परिजन इस भयावह मंजर को देखकर स्तब्ध रह गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भुवन प्रसाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अस्कोट थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें 👉देहरादून मुठभेड़: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग में एक घायल
एक छोटी सी बात पर हुए इस जघन्य हत्याकांड ने सबको हिला कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि हंसते-खेलते परिवार में इस तरह का कांड होगा, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।





