हल्द्वानी: घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम की पिकअप के नीचे आने से मौत, इकलौती बेटी के खोने से माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
हल्द्वानी (मंडी): बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें दो साल की मासूम बच्ची की पिकअप वाहन के टायर के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब चालक अपना वाहन बैक कर रहा था। मासूम की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मूल रूप से बरेली रोड, मंडी के पास किराए के मकान में रहने वाले कुंदन सिंह की दो वर्षीय पुत्री काव्या आज अपने घर के बाहर खेल रही थी। पास में ही रहने वाला पिकअप चालक सुरेश चिलवाल काम पर जाने के लिए अपनी गाड़ी निकाल रहा था। वाहन बैक करते समय चालक की नजर पीछे खेल रही काव्या पर नहीं पड़ी और वह पिछले टायर की चपेट में आ गई।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
हादसे के बाद लहूलुहान हालत में बच्ची को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। काव्या अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी मौत की खबर सुनते ही मां गीतांजली और पिता कुंदन सिंह सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, हालांकि अभी तक चालक के विरुद्ध परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।





