हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने 8 पार्षदों को दिलाई शपथ, यूजर चार्ज ऐप हुआ लॉन्च।

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (06 अगस्त 2026): नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक आज महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। शहर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस बैठक में बोर्ड द्वारा प्रस्तुत सभी 15 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
8 मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण व मोबाइल ऐप का शुभारंभ
बैठक प्रारंभ होने से पूर्व उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत 08 माननीय पार्षदों को महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। महापौर ने सभी नवनियुक्त पार्षदों का स्वागत करते हुए नगर हित एवं जनसेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के क्रम में बैठक के दौरान नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण हेतु एक विशेष मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था से यूजर चार्ज संग्रहण में पारदर्शिता, सरलता और प्रभावशीलता आएगी।
बोर्ड द्वारा पारित 15 प्रमुख प्रस्तावों का विवरण:
-
किराया संशोधन व छूट: निगम की किरायेदारी दुकानों के पूर्व प्रस्ताव (दिनांक 31.03.2026) में संशोधन करते हुए वर्तमान किराए में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा 31 अक्टूबर 2026 तक बकाया जमा कराने पर विशेष छूट देने का प्रस्ताव पारित।
-
विद्युत व्यवस्था: नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 200 नए विद्युत पोल एवं ईवीएम तार (EVM Tar) लगाए जाएंगे।
-
सफाई वाहन खरीद: सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई गाड़ियां, ट्रैक्टर एवं वाटर टैंकर क्रय किए जाएंगे।
-
सिंगल विंडो सिस्टम: निगम कार्यालय परिसर के पश्चिमी भाग स्थित मुख्य भवन का विस्तारीकरण कर सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित होगी।
-
क्षेत्रीय कार्यालय: सुभाष नगर स्थित निगम भवन को क्षेत्रीय कार्यालय के रूप में संचालित करने पर सहमति।
-
महापुरुषों की मूर्तियां: शहर में महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि चयन कर आवश्यक कार्रवाई होगी।
-
वेस्ट प्लांट भुगतान: नैनीताल से प्राप्त 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट के अवशेष भुगतान की कार्रवाई शासनादेशानुसार होगी।
-
बायोगैस प्लांट: गंगापुर कबड़वाल स्थित गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित किया जाएगा।
-
इंसिनरेटर स्थापना: गंगापुर कबड़वाल गोशाला में मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु इंसिनरेटर लगेगा।
-
SWM नियम 2026: सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) नियम 2026 के अंतर्गत नई उपविधियों (By-laws) को स्वीकृति प्रदान की गई।
-
ट्यूबवेल निर्माण: निगम सीमांतर्गत ट्यूबवेल निर्माण हेतु आवश्यक अतिरिक्त धनराशि अवमुक्त की जाएगी।
-
आरोग्य मंदिर: क्षेत्र में संचालित आरोग्य मंदिरों के अनुबंध विस्तार पर विचार कर स्वीकृति दी गई।
पार्षदों द्वारा प्रस्तुत सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव:
-
वाटर कूलर स्थापना: सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल सुविधा हेतु वाटर कूलर लगाए जाएंगे।
-
यूयूएसडीए नाली निर्माण: यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ अनिवार्य रूप से नालियों का निर्माण होगा।
-
कबाड़ दुकानों पर रोक: पार्षद श्री हरगोविंद रावत के प्रस्ताव पर आवासीय क्षेत्रों से कबाड़ दुकानों को तत्काल हटाने व भविष्य में नए संचालन पर रोक का कड़ा फैसला।
इसके अतिरिक्त पूर्व में स्वीकृत एवं कराए गए कार्यों को बोर्ड द्वारा कार्योत्तर स्वीकृति भी प्रदान की गई।
“हल्द्वानी को प्रदेश का सबसे सुव्यवस्थित नगर बनाएंगे” — महापौर
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा, “नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर लिया जा रहा है। आज पारित प्रत्येक प्रस्ताव को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। हम सभी के सामूहिक प्रयास से हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश का सबसे स्वच्छ और आधुनिक नगर बनाएंगे।”
बैठक में नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी श्रीमती स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टोलिया, नगर निगम के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं सभी सम्मानित पार्षद उपस्थित रहे।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

