देवभूमि जन हुंकार, लालकुआं / नैनीताल: लालकुआं नगर में एटीएम से रुपये निकालने पहुंची एक युवती को मदद का झांसा देकर दो शातिर बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये उड़ा लिए। स्वरोजगार शुरू करने के लिए गोल्ड लोन लेने वाली युवती के साथ हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मदद का झांसा देकर कार्ड बदला, 1 लाख 15 हजार रुपये निकलने का आया मैसेज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के तिवारी नगर वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंची थीं। बताया जाता है कि एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते काफी प्रयासों के बावजूद उनके रुपये नहीं निकल पाए। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उनकी मदद करने की पेशकश की।
युवती उसके झांसे में आ गई और मदद के लिए अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया। आरोप है कि युवक ने चालाकी से युवती का कार्ड बदल दिया और कुछ देर तक मदद करने का नाटक करता रहा, जिसके बाद वह अपने दूसरे साथी के साथ वहां से फरार हो गया। कुछ ही देर बाद युवती के मोबाइल पर खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया।
स्वरोजगार के लिए लिया था 1.80 लाख का गोल्ड लोन, कोतवाली में दी तहरीर
मैसेज आने के बाद पीड़िता ने आनन-फानन में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को इसकी जानकारी दी और बाद में परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पीड़िता मेंहजबीं ने बताया कि उसने स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था और इसी रकम में से कुछ पैसे निकालने एटीएम पहुंची थी। उसने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तलाश जारी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


