Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतर्गत हल्द्वानी शहर के काठगोदाम क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बहुत ही संगीन और दहला देने वाला मामला सामने आ रहा है। घर आने-जाने वाले एक युवक पर दोस्त की बहन को प्रेम जाल में फंसाकर, शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने और विरोध करने पर कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर काठगोदाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें 👉‘डंडे लहराकर फैला रहे थे दहशत, पुलिस ने चंद घंटों में निकाल दी सारी हेकड़ी!’ हल्द्वानी से वायरल वीडियो पर बड़ा एक्शन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद की रहने वाली एक युवती वर्तमान में अपने परिवार के साथ हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में निवास करती है।

आरोप है कि कैनाल रोड, काठगोदाम निवासी विवेक, जो कि पीड़िता के ताऊ के बेटे का दोस्त था और उनके घर पर अक्सर आया-जाया करता था, ने इस पारिवारिक मेल-जोल का फायदा उठाया। जब पीड़िता बीमार थी, तो आरोपी ने उसकी बीमारी और कमजोरी का फायदा उठाकर उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को शादी का झूठा प्रस्ताव दिया और विश्वास में ले लिया।

यह भी पढ़ें 👉 भाजपा नेता और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेश कुमार पर पीडब्ल्यूडी अधिकारी के साथ मारपीट और मुंह पर मिट्टी पोतने का आरोप

तहरीर में लगाए गए गंभीर आरोपों के मुताबिक, आरोपी विवेक बहला-फुसलाकर पीड़िता को अयोध्या ले गया, जहाँ उसकी मर्जी के बिना उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए।

मामला तब और अधिक खतरनाक मोड़ पर आ गया जब आरोपी किसी अन्य युवती के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। जब पीड़िता ने इस बात का विरोध किया और आपत्ति जताई, तो आरोपी विवेक ने अपनी क्रूरता दिखाते हुए पीड़िता को कार से कुचलकर मारने का प्रयास तक कर डाला। गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में उसकी जान बच गई, लेकिन इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की खुली धमकियां दीं।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी के भुजियाघाट के पास गौला नदी के तेज बहाव में बहे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा का शव रविवार को राजपुरा क्षेत्र में बरामद

घटना से आहत और डरी सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर परिजनों के साथ काठगोदाम थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए काठगोदाम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी विवेक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, मेडिकल रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स आदि की गहनता से जांच की जा रही है, तथा साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Spread the love