देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार: उत्तराखंड के तीर्थनगरी हरिद्वार में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी आपराधिक साजिश को पुलिस ने अपनी सूझबूझ और मुस्तैदी से नाकाम कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार नवनीत सिंह के दिशा-निर्देशों के क्रम में समूचे जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने दुधियाबंद क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध असलहों के साथ एक शातिर अपराधी को धर दबोचा है। आरोपी वर्ष 2010 में हुई अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए हरिद्वार में होटल की आड़ में छिपा हुआ था।
पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, दिनांक 06 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस क्षेत्र में गश्त और सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास पुलिस टीम की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो संदिग्ध नजर आ रहा था और पुलिस को सामने देखकर अचानक सकपका गया तथा घबराकर भागने की फिराक में था।
पुलिसकर्मियों ने त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब संदिग्ध से पूछताछ की गई और उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की जामा तलाशी ली गई, तो बैग के अंदर से 32 बोर की दो पिस्टल (दो मैगजीन सहित) और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जब पुलिस ने पकड़े गए संदिग्ध से हथियार रखने का लाइसेंस या वैध कागजात मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने थाने लाकर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जो सनसनीखेज खुलासे किए, उससे पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी, और वह तभी से अपने भाई के हत्यारे को ढूंढकर उसे ठिकाने लगाने और मौत का बदला लेने की फिराक में था।
बदला लेने की अपनी इस शातिर योजना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। गैंगवार और पुलिस की नजरों से बचने के लिए उसने अप्रैल 2026 में हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार करना शुरू कर दिया था, ताकि वह आसानी से शहर में रहकर रेकी कर सके। हाल ही में उसे सूचना मिली थी कि उसके भाई के हत्यारे जेल से छूटकर हरिद्वार आने वाले हैं, जिसके चलते उसने इन हथियारों का बंदोबस्त कर पूरी तैयारी कर ली थी।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद असलहों को कब्जे में लेते हुए उसके खिलाफ कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इस प्रकार की गई है:
-
नाम व पता: मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी- ग्राम बुडीना कलां, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश (उम्र 45 वर्ष)।
-
बरामदगी: 02 अदद पिस्टल 32 बोर मय 02 मैगजीन, 10 जिंदा कारतूस 32 बोर।
-
अभियोग: मु0अ0सं0 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट।
हरिद्वार पुलिस की इस सतर्कता से शहर में एक बड़ा खूनी संघर्ष होने से टल गया है। पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर रही है।\
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




