सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Uttar Pradesh Crime Concept Representing Daylight Shooting and Murder Investigation in Rampur Bilaspur
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, रामपुर / बिलासपुर / हल्द्वानी: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के अंतर्गत बिलासपुर क्षेत्र से दिनदहाड़े कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। जनपद के बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत सुभाषनगर डिबडिबा गांव में गुरुवार को सरेआम ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक अपनी बीमार बेटी के लिए मेडिकल स्टोर से बुखार की दवा खरीदकर पैदल अपने घर लौट रहा था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत और हड़कंप मच गया है।

सुभाषनगर डिबडिबा में शराब की दुकान के सामने दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। संदीप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदगंज गांव का रहने वाला था, लेकिन वह पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने परिवार के साथ सुभाषनगर डिबडिबा में रह रहा था और पास के ही उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

गुरुवार को संदीप गांव के ही एक मेडिकल स्टोर से अपनी बीमार बेटी के लिए बुखार की दवा लेकर पैदल घर की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह डिबडिबा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने पहुँचा, तभी घात लगाकर बैठे बाइक सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने उसकी राह रोक ली और तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

करीब 6 राउंड फायरिंग, शरीर में धंसी 5 गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने बेहद शातिर तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने संदीप पर करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 5 गोलियां सीधे संदीप के शरीर में जा धंसीं। गंभीर रूप से लहूलुहान होकर संदीप वहीं सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नकाबपोश हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर आसानी से मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से आसपास के बाजारों और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुरानी रंजिश और 20 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस अधीक्षक (SP) अनिल कुमार सिसौदिया समेत तमाम आला अधिकारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पत्नी शिवानी ने पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि होली के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट और फायरिंग भी हुई थी। तब से दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।

दूसरी ओर, पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक संदीप सिंह चौहान के खिलाफ रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र में 16 और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में 4 मुकदमे यानी कुल 20 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने के साथ-साथ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की बात सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसौदिया ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे और फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपियों को बेनकाब कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।


Spread the love

By admin