देवभूमि जन हुंकार, हरिद्वार / देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड के धर्मनगरी हरिद्वार से पारिवारिक कलह और सनसनीखेज हिंसा का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। जनपद के व्यस्ततम इलाकों में शुमार रानीपुर मोड़ के पास देहरादून के रायवाला क्षेत्र से एक अन्य व्यक्ति के साथ हरिद्वार पहुँची एक महिला को उसके पति और ससुर ने सरेआम घेर लिया। आरोप है कि गुस्से में आगबबूला हुए पति और ससुर ने महिला के सिर पर हेलमेट से ताबड़तोड़ वार किए और चुन्नी से उसका गला घोंटने की कोशिश की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए महिला के साथी को भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया।
रानीपुर मोड़ के पास अचानक पहुँचे पति और ससुर, शुरू की मारपीट
पुलिस से प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, देहरादून जिले के रायवाला क्षेत्र से एक महिला किसी अन्य व्यक्ति के साथ हरिद्वार आई हुई थी। इसी दौरान किसी माध्यम से महिला के पति को इसकी भनक लग गई और वह अपने पिता (ससुर) के साथ तुरंत रानीपुर मोड़ के पास जा पहुँचा।
जैसे ही दोनों ने महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति को देखा, उन्होंने रास्ता रोककर भद्दी-भद्दी गालियाँ और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित पति ने अपने हाथ में लिया हेलमेट सीधे महिला के सिर पर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके तुरंत बाद दोनों ने मिलकर चुन्नी से महिला का गला घोंटने का घिनौना प्रयास किया, जिससे उसकी सांसें रुकने लगीं।
बीच-बचाव करने आए साथी को भी लात-घूंसों से पीटा, राहगीरों ने बचाई जान
घटना के दौरान जब महिला के साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों का गुस्सा उस पर भी फूट पड़ा। आरोपियों ने उसे भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से ताबड़तोड़ प्रहार किए।
शिकायत में बताया गया है कि उसके सीने, सिर और गुप्तांगों पर भी गंभीर हमले किए गए, जिससे उसके मुंह और सिर से भारी खून बहने लगा और वह अद्धमरा सा हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर तमाम राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और दोनों घायलों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। जाने से पहले आरोपी पति और ससुर पीड़ित महिला तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज मारपीट और जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता महिला ने थाने पहुँचकर पूरी आपबीती पुलिस को बताई।
मामले की जानकारी देते हुए शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर उसके पति और ससुर के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें



