देवभूमि जन हुंकार, काशीपुर / उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत काशीपुर क्षेत्र में मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सुरागरसी के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल व नकदी बरामद की है।
12 सितंबर की रात हुई थी साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियों की चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को साई पब्लिक स्कूल, कुंडेश्वरी रोड, काशीपुर के एडमिन श्री मनोज ऐरी (पुत्र स्व. महिपाल सिंह ऐरी) ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि 12 सितंबर 2026 की रात्रि में अज्ञात अभियुक्तों ने कुंडेश्वरी रोड के पास स्थित साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली हैं। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली काशीपुर में मु0अ0सं0 415/2026 धारा 305(डी)/331 बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था।
मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली मार्ग के 200 सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए।
संदिग्धों का पीछा करते हुए पुलिस ने मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली आदि स्थानों के मार्ग में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया। जांच के दौरान संदिग्धों का एक केटीएम ड्यूक बाइक से घटनास्थल पर आना-जाना सामने आया। इसके बाद हापुड़ व दिल्ली के आसपास बाइक का नंबर ट्रेस कर सुरागरसी व मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की पहचान की गई।
18 नवंबर को गिरफ्तारी, 65 हजार की चांदी व 20 हजार नकद बरामद; दो अन्य की तलाश जारी
18 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने अभियुक्त त्रिलोक सिंह उर्फ शोले (पुत्र तीरथ सिंह, निवासी ग्राम लतीफपुर, थाना हस्तिनापुर, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी शिवविहार, गली नं0 14, म0नं0 63, चंद्रविहार, थाना निहाल विहार, दिल्ली) को दि किमाया रिसोर्ट के पास हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड के किनारे, थाना कुंडा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मुकदमे से संबंधित चांदी के कटे हुए टुकड़े (कीमत लगभग 65,000 रुपये) और 20,000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी त्रिलोक सिंह ने बताया कि उसने 12 सितंबर की रात एक अन्य अभियुक्त के साथ कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में चोरी की थी और चुराया गया सामान आपस में बांट लिया था। उसने बताया कि चोरी का तीसरा हिस्सा मंदिर की रैकी करवाने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था और इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मामले में अन्य 02 वांछित अभियुक्तों की तलाश और शेष बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी त्रिलोक सिंह का आपराधिक इतिहास भी मिला है। उसके खिलाफ कोतवाली गदरपुर (मु0अ0सं0 204/2025 धारा 305(डी)/331(डी)/317(2) बीएनएस), थाना सराय रोहिला दिल्ली (मु0अ0सं0 254/2020 धारा 34/379/511 भादवि) और थाना प्रीत विहार दिल्ली (मु0अ0सं0 711/2026 धारा 305/307 भादवि) में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली के थाना खैला और हरियाणा के फरीदाबाद में भी उसके विरुद्ध मुकदमे होने की जानकारी सामने आई है, जिनके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


