सरकारी विज्ञापन
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल / कुमाऊं:  आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को नैनीताल स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में आग लगने की घटना पर आधारित मॉक अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने और कर्मचारियों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि अभ्यास के दौरान कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास लगे फायर हाइड्रेंट में पानी का प्रेशर कम मिलने तथा झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन के कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाने जैसी खामियां भी सामने आईं, जिस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

12:17 बजे मिली सूचना, 20 मिनट में पहुंचीं टीमें और बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाए गए घायल

मॉक अभ्यास के अनुसार, दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर कमिश्नरी कार्यालय में धुआं निकलने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना प्राप्त होते ही फायर स्टेशन और राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा करीब 20 मिनट में फायर सेफ्टी टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।

इसके बाद अग्निशमन, एसडीआरएफ और एंबुलेंस की टीमों ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अभ्यास के दौरान सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। काल्पनिक घटना में आग से झुलसे दो कर्मचारियों और अफरातफरी के दौरान घायल हुए तीन अन्य कर्मचारियों को रेस्क्यू कर निकटतम चिकित्सा केंद्र बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया गया। इसके साथ ही आसपास के प्रभावित क्षेत्र में स्थित भवनों की सुरक्षा जांच की गई और संभावित खतरे वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। अधिकारियों ने सभी विभागों के रिस्पॉन्स टाइम और आपसी समन्वय को संतोषजनक बताया।

हाइड्रेंट प्रेशर व झूलते तारों पर नाराजगी, जल संस्थान को जांच के निर्देश

मॉक अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों ने अग्नि सुरक्षा तैयारियों पर सवाल भी खड़े किए। कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास लगे फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम पाया गया। वहीं, पोलों पर झूल रहे विभिन्न तारों के कारण अग्निशमन वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। इन खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक और लकड़ी से निर्मित इमारतों सहित आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास लगे सभी फायर हाइड्रेंट का प्रेशर चेक कराया जाए और जहां भी कमी मिले, उसे वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए।

केबल परीक्षण, संकरे व सीढ़ीदार रास्तों का आकलन और कमियों का निराकरण

मंडलायुक्त ने विद्युत तारों के साथ ही अन्य केबलों का भी परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते अथवा रास्तों में सीढ़ियां बन जाने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, ऐसे स्थानों का भी आकलन किया जाए और वहां के लिए वैकल्पिक राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने अभ्यास को सफल बताते हुए कहा कि सामने आई कमियों को दूर करना भी इस तरह के अभ्यास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love

By admin