uksssc-paper-leak-assistant-professor-suman-arrested-cbi-investigation
Spread the love

सीबीआई जांच में बड़ा खुलासा — परीक्षा केंद्र से खालिद ने निकाले थे प्रश्नपत्र के फोटो, बहन के जरिए पहुंचे थे सुमन तक

UKSSSC पेपर लीक: असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन गिरफ्तार, खालिद को भेजे थे 11 सवालों के जवाब

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में सीबीआई ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

सीबीआई की जांच में सामने आया है कि परीक्षा के दौरान मुख्य आरोपित खालिद ने अपनी बहन के माध्यम से प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से सुमन तक पहुँचाए थे। आरोप है कि सुमन ने इन प्रश्नों को हल कर पेपर के 11 सवालों के उत्तर वापस खालिद को भेज दिए, जो परीक्षा केंद्र के भीतर ही परीक्षा दे रहा था।

21 सितंबर को UKSSSC द्वारा स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान अभ्यर्थी खालिद ने हरिद्वार के बहादरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्र के तीन फोटो मोबाइल में निकाल लिए। कुछ ही देर में ये फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया।

पेपर लीक की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (ऋषिकेश) जया बलूनी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया। इंटरनेट मीडिया पर वायरल फोटोग्राफ्स के सोर्स का पता लगाने पर पता चला कि यह फोटो टिहरी जिले में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को भेजे गए थे।

पूछताछ में भी उसके खिलाफ महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले, एसआईटी मामले के मुख्य आरोपित खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर चुकी है।

सीबीआई और एसआईटी इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेपर लीक के पीछे और कौन लोग शामिल थे और क्या यह कोई संगठित रैकेट है।


Spread the love

You missed