
देवभूमि जन हुंकार, रुड़की (हरिद्वार – 23 अगस्त 2026): हरिद्वार जनपद अंतर्गत कोतवाली रुड़की क्षेत्र में बीते कल घटित हुए ठेका कारोबारी अमन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है।देर रात पुलिस और बाइक सवार हत्यारोपियों के बीच नगला इमरती के पास सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग करने पर आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक मुख्य शूटर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मौके से फरार हुए दो अन्य शूटरों को पुलिस ने सघन कांबिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
नगला इमरती के पास घेराबंदी पर पुलिस पर झोंके फायर
प्राप्त विवरण के अनुसार, कल ठेके कारोबारी अमन की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें हत्यारों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही थीं।
मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि अमन की हत्या में शामिल तीन बदमाश एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने की फिराक में हैं। सूचना पर रुड़की कोतवाली पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया और नगला इमरती के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जवाबी कार्रवाई में शूटर सौरभ घायल, अस्पताल में कबूला जुर्म
पुलिस पार्टी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक बदमाश सौरभ पुत्र देशराज (निवासी ढंडेरा) के पैर में गोली लगी और वह बाइक से नीचे गिर पड़ा।
पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश सौरभ को हिरासत में लेकर उपचार हेतु रुड़की के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में घायल बदमाश ने स्वीकार किया कि बीते कल ठेका कारोबारी अमन की हत्या उसने अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर ही की थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपराध (SP Crime) एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (SP Dehat) भारी फोर्स के साथ सीधे रुड़की अस्पताल पहुंचे और घायल अभियुक्त से घटना के संबंध में पूछताछ कर अन्य तथ्यों की जानकारी ली।
उधर, मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हुए दो अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमों ने जंगलों में सघन कांबिंग ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर फरार दोनों आरोपियों को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
-
सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ग्राम ढंडेरा, कोतवाली रुड़की (मुठभेड़ में गोली लगने से घायल, उपचाराधीन)।
-
अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार।
-
दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव (उम्र 19 वर्ष), निवासी माता वाला हसन बाग, कस्बा लढ़ौरा, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमन हत्याकांड के तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब वारदात में प्रयुक्त अवैध असलहे और वाहन की बरामदगी की अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




