दुबई से जुड़े सट्टा नेटवर्क का दून में भंडाफोड़: महादेव और रेडीबुक एप से खिला रहे थे IPL सट्टा, 5 गिरफ्तार
देहरादून: राजधानी देहरादून की पुलिस और एसटीएफ (STF) ने एक संयुक्त ऑपरेशन में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वसंत विहार क्षेत्र के एक फ्लैट में छापेमारी कर पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है, जो दुबई से संचालित होने वाले प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे थे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, एसटीएफ और दून पुलिस को सूचना मिली थी कि वसंत विहार की ऋषि विहार कॉलोनी में एक किराए के फ्लैट से ऑनलाइन सट्टेबाजी का काला खेल चल रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने गुरुवार रात को इस ठिकाने पर छापा मारा। मौके से संदीप कुमार (बिहार) और छत्तीसगढ़ निवासी सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा व अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस गिरोह का सरगना दिल्ली निवासी सुमित यादव है, जो फिलहाल फरार है। सुमित सीधे दुबई के संपर्क में था और वहीं से उसे रेडीबुक एप के आईडी और पासवर्ड मिलते थे। जांच में सामने आया कि सुमित यादव के संबंध महादेव बैटिंग एप के कुख्यात मालिक सौरभ चंद्राकर से भी रहे हैं। भारत में महादेव एप पर सख्ती होने के बाद, इन सट्टेबाजों ने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए अपना नेटवर्क दोबारा खड़ा कर लिया था।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
पुलिस ने मौके से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और 22 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ते थे और उनसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाकर सट्टेबाजी की आईडी उपलब्ध कराते थे। पुलिस को कई ऐसे बैंक खातों का भी पता चला है जिनमें करोड़ों के लेनदेन की आशंका है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। फरार मास्टरमाइंड सुमित यादव और फ्लैट दिलाने वाले अंकित कुमार की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।





