हल्द्वानी के युवक से 5.20 लाख की साइबर ठगी
Spread the love

टेलीग्राम बना ठगों का अड्डा! हल्द्वानी के युवक से 5.20 लाख की साइबर ठगी, निवेश के नाम पर उड़ाए पैसे

हल्द्वानी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम अब साइबर अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। ताजा मामला हल्द्वानी से सामने आया है, जहां एक युवक को इनवेस्टमेंट और मोटे बोनस का लालच देकर साइबर ठगों ने 5 लाख 20 हजार रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दे दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेमपुर लोशज्ञानी, हल्द्वानी निवासी नितिन भंडारी ने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने टेलीग्राम के जरिए उससे संपर्क किया। ठगों ने खुद को इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट बताते हुए Shippoleger.com नाम की वेबसाइट पर अकाउंट बनवाया और ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया।

पहले बोनस दिखाया, फिर भरोसा जीतकर लाखों ऐंठ लिए

पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने पहले दिन वेबसाइट पर कुछ बोनस अमाउंट भी दिखाया। इसके बाद 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों के जरिए युवक से कुल 5.20 लाख रुपये जमा करा लिए गए। हर बार रकम बढ़ने और मोटे मुनाफे का लालच देकर भुगतान कराया गया।

जब पीड़ित ने अपनी जमा राशि और बोनस निकालने की कोशिश की, तो वेबसाइट पर विड्रॉल ऑप्शन बंद मिला। इसके बाद जब उसने संपर्क करने की कोशिश की तो ठगों के मोबाइल नंबर और टेलीग्राम अकाउंट अचानक निष्क्रिय हो गए। तब जाकर युवक को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम बैंक खातों, ट्रांजैक्शन आईडी, वेबसाइट के तकनीकी डाटा और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। जल्द ही ठगों तक पहुंचने का दावा पुलिस कर रही है।


Spread the love

You missed