Spread the love

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इस तिथि के बाद किसी भी नए विद्यार्थी का प्रवेश स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह तिथि यूजीसी (डेब) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित की गई है और वर्तमान में यही अंतिम तिथि है।

प्रो. लोहनी ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। ऐसे में जो विद्यार्थी किसी कारणवश अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, उनके लिए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने समय का सदुपयोग करें और इसी सत्र में प्रवेश लेकर अपने भविष्य की दिशा तय करें। विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों में आधुनिक डिजिटल शिक्षा प्रणाली, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन संसाधन उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थी अपने घर पर रहकर ही उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

अधिक जानकारी और प्रवेश से संबंधित निर्देशों के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in पर जाकर विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं।


Spread the love

You missed