उत्तराखंड में सरकारी नौकरी: UKSSSC ने निकाली पशुधन प्रसार अधिकारी के 120 पदों पर भर्ती; ऐसे करें आवेदन
उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक शानदार अवसर सामने आया है, जहाँ उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत ‘पशुधन प्रसार अधिकारी’ के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 120 पदों को भरा जाएगा, जिनमें 108 पद सीधी भर्ती के माध्यम से और 12 पद विभागीय कार्मिकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 13 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 2 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि लिखित परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 12 जुलाई 2026 को किया जाएगा।


शैक्षिक योग्यता और पात्रता की बात करें तो इन पदों के लिए अभ्यर्थी के पास भारत में विधि द्वारा स्थापित किसी विश्वविद्यालय से जीव विज्ञान, कृषि या पशुपालन में से किसी एक विषय में स्नातक (B.Sc) की उपाधि होना अनिवार्य है। आयु सीमा 21 वर्ष से 42 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है और चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-06 के तहत 35,400 रुपये से लेकर 1,12,400 रुपये तक का वेतनमान दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
भर्ती प्रक्रिया में चयन वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, जो ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी मोड में आयोजित की जा सकती है। खास बात यह है कि नियुक्ति से पूर्व चयनित अभ्यर्थियों को 6 माह का विभागीय प्रशिक्षण और 6 माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण पशु चिकित्सालयों में पूरा करना होगा।





