सरकारी विज्ञापन
Haldwani Senior Citizens Welfare Society Executive Meeting and Health Camp Plan
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: वरिष्ठ नागरिकों के हितों, स्वास्थ्य सेवाओं और सम्मान के लिए कार्यरत वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी की कार्यकारिणी की बैठक आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को समिति के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष श्री इंदर सिंह निगल्टिया ने की और संचालन महामंत्री श्री डी. के. पांडे द्वारा किया गया। बैठक में समिति की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

कार्यकारिणी बैठक में पारित प्रमुख प्रस्तावों के तहत समिति की क्विक एक्शन टीम को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु टीम का विस्तार किया गया। इसमें डॉ. शिव दत्त तिवारी एवं श्री राजेंद्र सिंह एरी को सम्मिलित किया गया तथा समिति से अब तक निर्गत सभी पत्रों पर अपेक्षित परिणाम प्राप्त करने के लिए क्विक एक्शन टीम से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

इसके साथ ही उजाला सिग्नस चिकित्सालय के यूनिट हेड रोहित तिवारी द्वारा उनके चिकित्सालयों में गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड धारकों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा की जानकारी लिखित में देने तथा गोल्डन कार्ड के साथ ही आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड धारकों का भी उपचार ओपीडी में सीजीएचएस (CGHS) की दरों पर करने का आश्वासन लिखित में देने पर समिति ने आभार व्यक्त किया।

बुजुर्गों का घर-घर सम्मान एवं समिति के अस्वस्थ सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी अभियान के तहत इस माह में अब तक समिति के अस्वस्थ सदस्य श्री जे. बी. पांडे एवं 100 वर्षीय वयोवृद्ध श्रीमती तारा देवी से संपर्क किया जा चुका है। इस कार्यक्रम को आगे भी निरंतर जारी रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया ताकि समाज को नई दिशा एवं संस्कार दिया जा सके।

इसके अतिरिक्त दिसंबर माह में निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसकी तिथि आगामी मासिक बैठक में निर्धारित की जाएगी।

बैठक के अंत में समिति के कार्यकारिणी सदस्य श्री एल.एम. लोहनी के छोटे भाई एवं समिति की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती प्रेमा जोशी की सास के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया।

बैठक में उपाध्यक्ष रमेश चंद पांडे, संयुक्त मंत्री डी.के. पंत, डॉ. शिव दत्त तिवारी, बी.डी. जोशी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, आनंद सिंह भाकुनी, ए.डी. डोर्बी, रे. एच. पी. जोसफ, एल.एम. लोहनी, राजेंद्र सिंह एरी, पदमा दत्त पांडे, राजाराम, धर्म सिंह मेहरा आदि सदस्य उपस्थित रहे।


Spread the love

By admin