हल्द्वानी ब्रेकिंग: बरेली निवासी पेंटर ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बिठौरिया क्षेत्र में किराए पर रहने वाले एक युवा पेंटर ठेकेदार का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मूल रूप से नवाबगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय राजेश मौर्य हल्द्वानी के बिठौरिया क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था और पेंटिंग ठेकेदारी का काम करता था। राजेश के पिता और बड़े भाई धर्मेंद्र मौर्य भी उसके पड़ोस में ही रहते हैं। मंगलवार को जब राजेश काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, तो बड़े भाई धर्मेंद्र को चिंता हुई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद धर्मेंद्र ने खिड़की से झाँककर देखा तो राजेश का शव फंदे से लटका हुआ पाया।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
राजेश की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, राजेश के परिजनों ने इस मामले में गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राजेश की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे सोची-समझी साजिश या हत्या करार दिया है। परिजनों की मांग है कि पुलिस मामले की गहराई से जांच करे।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
काठगोदाम थाना पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और राजेश के मोबाइल फोन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।





