Spread the love

रुद्रपुर में गैस रिसाव से घर में आग, 5 लोग झुलसे — सभी खतरे से बाहर

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गैस रिसाव के कारण एक घर में अचानक आग लग गई।

इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज

घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के चामुंडा मंदिर वार्ड नंबर 8 की है, जहां सुबह डायल 112 पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गैस रिसाव के कारण आग लगी, जिससे घर में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में देवकी (50 वर्ष), अनीता (30 वर्ष), संगीता देवी (21 वर्ष), पारुल (3 वर्ष) समेत एक अन्य महिला झुलस गईं।

यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

सभी घायलों को आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका तत्काल इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं, हालांकि कुछ लोग 15 से 40 प्रतिशत तक झुलसे हैं।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने मौके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण गैस रिसाव प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें, गैस रिसाव की आशंका होने पर तुरंत रेगुलेटर बंद करें, बिजली के स्विच का इस्तेमाल न करें और दरवाजे-खिड़कियां खोल दें ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


Spread the love