Spread the love

नैनीताल: गेठिया में खड़े ट्रक से टकराई कार, एक किशोर की मौत, तीन घायल

नैनीताल। जिले के गेठिया क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा देर शाम उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित कार खड़े ट्रक से जा टकराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरियागांव गेठिया निवासी लोकेश पतलिया टैक्सी चला रहे थे। उनके साथ कार में पंकज पतलिया, मानस और 16 वर्षीय गर्व बगड़वाल सवार थे। वाहन जब गेठिया पड़ाव के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से कार की तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

डॉक्टरों ने गर्व बगड़वाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि मानस की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। लोकेश और पंकज पतलिया का इलाज हल्द्वानी में चल रहा है।

एसओ रमेश बोरा ने बताया कि सभी युवक गेठिया के निवासी हैं और एक जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। हादसा तब हुआ जब गाड़ी को सड़क किनारे पार्क किया जा रहा था, इसी दौरान वाहन की रफ्तार अचानक बढ़ गई और वह खड़े कैंटर से जा टकराई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।


Spread the love

You missed