Spread the love

उत्तराखंड डेयरी सेक्टर में डिजिटल क्रांति: ERP सिस्टम लॉन्च, टाटा कंज्यूमर्स के साथ बड़ा समझौता

प्रदेश के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। पशुपालन, दुग्ध विकास एवं अन्य विभागों के मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक देहरादून में उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (यूसीडीएफ) और प्रदेश के दुग्ध संघों में ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) प्रणाली का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर यूसीडीएफ और टाटा कंज्यूमर्स प्रा. लि. के बीच ‘बद्री गाय घी’ और ‘पहाड़ी घी’ के विपणन के लिए महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से ‘आंचल’ ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर बाजार और मूल्य मिल सकेगा।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चारा एफपीओ को सम्मानित किया गया। वहीं, हल्द्वानी के हरिपुर जमन सिंह क्षेत्र की तीन प्रगतिशील महिला दुग्ध उत्पादकों को क्रमशः 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। हरिद्वार और उत्तरकाशी दुग्ध संघों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में औसत दैनिक दुग्ध उपार्जन 2.37 लाख लीटर रहा, जबकि अधिकतम 2.97 लाख लीटर प्रतिदिन दर्ज किया गया। आगामी वर्ष के लिए 3.25 लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि दुग्ध उत्पादकों को 14 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और दुग्ध संघ अपने लाभ का कम से कम 20 प्रतिशत सुरक्षित रखें।

उन्होंने कहा कि ईआरपी प्रणाली लागू होने से दुग्ध उपार्जन, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। इससे किसानों को समय पर भुगतान, गुणवत्ता में सुधार और योजनाओं का त्वरित लाभ मिलेगा। अगले छह महीनों में सभी दुग्ध संघों में यह प्रणाली लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पिता पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

टाटा कंज्यूमर्स के साथ हुए समझौते को डेयरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे ‘आंचल’ ब्रांड की बाजार पहुंच बढ़ेगी और किसानों की आय में सुधार होगा। इसके साथ ही पांच नए बद्री गाय ग्रोथ सेंटर स्थापित करने और सितारगंज में दुग्ध चूर्ण व आइसक्रीम संयंत्र लगाने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में आइसक्रीम ई-पुश कार्ट का भी लोकार्पण किया गया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे दूरदर्शी कदम बताया और इसके सफल क्रियान्वयन की कामना की।

इस मौके पर अपर सचिव डेयरी सुरेश चन्द्र जोशी, उपसचिव महावीर सिंह परमार, यूसीडीएफ के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, आंचल दुग्ध संघ लालकुआं के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love

You missed