देवभूमि जन हुंकार, देहरादून / हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को टेस्ट कराने के लिए सोमवार को गुजरात रवाना हो गए हैं। उनका नार्को टेस्ट 24 नवंबर को होना है। राठौर ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और चाहते हैं कि इस मामले की सच्चाई सामने आए।
गांधीनगर जाने से पहले जारी किया बयान, सीबीआई नोटिस की पुष्टि
गुजरात के गांधीनगर जाने से पहले सुरेश राठौर ने बयान जारी कर बताया कि उन्हें सीबीआई की ओर से नोटिस मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी की प्रक्रिया को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और वह तय प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने तथा जांच के लिए जरूरी जानकारी देने को तैयार हैं। राठौर ने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए और इसके लिए वह सीबीआई को हर स्तर पर सहयोग करेंगे।
सीबीआई पूछताछ और उर्मिला सनावर के बयान दर्ज हो चुके हैं
उल्लेखनीय है कि अंकिता भंडारी प्रकरण में उठे सवालों के बीच उत्तराखंड सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने कार्रवाई शुरू करते हुए मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटानी शुरू की। सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ भी कर चुकी है। वहीं, इस प्रकरण में अभिनेत्री उर्मिला सनावर से भी सीबीआई जानकारी ले चुकी है; जेल से रिहा होने के बाद उर्मिला ने देहरादून में जांच एजेंसी के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे।
यह भी पढ़ें 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपी हिरासत में
वायरल ऑडियो प्रकरण में दर्ज हुए थे मुकदमे, नार्को टेस्ट पर टिकीं नजरें
दरअसल अंकिता केस से जुड़े कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मची थी और इस प्रकरण को लेकर दोनों के खिलाफ हरिद्वार तथा देहरादून में मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। अब 24 नवंबर को सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट से इस मामले की जांच में आगे क्या जानकारी सामने आती है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


