देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / लालकुआं / नैनीताल: लालकुआं से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक केबल चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हल्द्वानी नलकूप खंड के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में चोर सरकारी नलकूपों और सिंचाई योजनाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। बीते पांच महीनों में चोर नौ ट्यूबवेलों की केबल काटकर ले जा चुके हैं। लालकुआं, देवलचौड़, गुसाईंपुर, हरिपुर लालमणि और गौलापार के गांवों में हुई इन घटनाओं से पेयजल और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा नौकुचियाताल के समीप थापलिया मेहरा और खनस्यूं लिफ्ट सिंचाई योजना के कार्यस्थल पर भी केबल चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।
शहर में भी सक्रिय हैं चोर, एसएसपी को सौंपी प्रभावित स्थानों की सूची
लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बावजूद पुलिस पर प्रभावी अंकुश न लग पाने से विभाग चिंतित है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता कवींद्र पंत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर वर्ष 2025 से 2026 तक केबल चोरी से प्रभावित नलकूपों और स्थानों की सूची उपलब्ध कराई है और घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।
केबल चोरी की घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही हल्द्वानी शहर में भी हो रही हैं। पिछले दिनों तिकोनिया स्थित जल संस्थान परिसर में देर रात चोर केबल काटने पहुंचे थे, जहां सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवान ने चार आरोपियों में से एक को पकड़ लिया था। इसके अलावा इंदिरानगर, डहरिया समेत शहर के कई ट्यूबवेलों पर भी चोरी की घटनाएं हुई हैं।
वर्ष 2026 में इन स्थानों पर हुई केबल चोरी की घटनाएं
विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार वर्ष 2026 में निम्नलिखित स्थानों पर केबल चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं:
-
10 फरवरी: देवला तल्ला
-
13 जुलाई एवं 18 अगस्त: दुर्गापालपुर
-
20 जुलाई: कल्याणपुर
-
11 अगस्त: गंगापुर
-
22 अगस्त एवं 19 सितंबर: दुम्का बंगर-एक
-
19 सितंबर: भवानीपुर कृष्णा
-
30 अक्टूबर: फत्ताबंगर
सिंचाई और पेयजल आपूर्ति पर संकट की आशंका : अधिशासी अभियंता
लगातार केबल चोरी होने से नलकूपों के संचालन और सिंचाई योजनाओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों को सिंचाई की परेशानी के साथ ही पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका है। नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता कवींद्र पंत ने बताया कि नलकूपों से लगातार केबल चोरी की घटनाओं के कारण साइटों पर काम करना मुश्किल हो गया है। पुलिस को केबल चोरी वाले नलकूपों की सूची भेजी गई है और यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो आने वाले समय में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


