देहरादून और मसूरी में बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अलर्ट पर पुलिस प्रशासन और साइबर सेल की जांच
Spread the love

उत्तराखंड में हाई अलर्ट: देहरादून के थानों और मसूरी नगर पालिका को बम से उड़ाने की धमकी, CM धामी भी रडार पर

देहरादून/मसूरी: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और सुप्रसिद्ध पर्यटन नगरी मसूरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक इंस्टाग्राम पोस्ट और धमकी भरे ई-मेल के जरिए कई पुलिस थानों सहित महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी मिली। इस सनसनीखेज इनपुट के बाद राज्य का पुलिस महकमा और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से देहरादून शहर कोतवाली, मसूरी और अन्य संबंधित थानों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करते हुए इस मामले की गहन प्राथमिक जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली पहली धमकी एक इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट के जरिए वायरल हुई, जिसमें देहरादून जिले के कई प्रमुख थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। वहीं, दूसरी ओर मसूरी नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी (SDM) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसने प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ा दिए। इस ई-मेल में बेहद चौंकाने वाला दावा करते हुए लिखा गया था कि दोपहर ठीक ३:११ बजे मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय को बम से उड़ा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉 अल्मोड़ा में खौफनाक वारदात: पहली बार मायके आए दामाद ने ससुर पर पाटल से किए 12 वार, तड़प कर मौत

इतना ही नहीं, इस धमकी भरे ई-मेल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित देहरादून और देश की राजधानी दिल्ली के कई अति-संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर भी सिलसिलेवार बम विस्फोट करने की खुली चेतावनी दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस कप्तानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

पुलिस के उच्च अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल साइबर सेल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। संदिग्ध इंस्टाग्राम हैंडल और ई-मेल के आईपी (IP) एड्रेस को ट्रेस कर भेजने वाले शातिर दिमाग व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं।

यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में इंस्टाग्राम का ‘इश्क’: 3 बच्चों की मां पति को छोड़ प्रेमी संग हरियाणा फरार, पुलिस से बोली- नहीं जाऊंगी वापस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल की सत्यता और इसके पीछे की साजिश की हर पहलू से बारीकी से पड़ताल की जा रही है, और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Spread the love

You missed