कपकोट: शिक्षा व्यवस्था को मिली मजबूती; विधायक सुरेश गड़िया ने ₹49.36 लाख के कार्यों का किया लोकार्पण
दोफाड़ (बागेश्वर): “सशक्त शिक्षा ही विकसित समाज और समृद्ध राष्ट्र की सबसे मजबूत आधारशिला है।” इसी संकल्प के साथ कपकोट विधायक सुरेश गड़िया ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कृषि इंटर कॉलेज, दोफाड़ में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। विधायक ने विद्यालय के मुख्य भवन के सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया।
₹49.36 लाख की लागत से संवरेगा विद्यालय
कृषि इंटर कॉलेज के मुख्य भवन का सुदृढ़ीकरण ₹49.36 लाख की लागत से किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाओं का विकास न केवल छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने में भी सहायक होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सुदृढ़ीकरण क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के माध्यम से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
लोकार्पण समारोह में विधायक प्रतिनिधि योगेश हरड़िया, मण्डल अध्यक्ष (दुगनाकुरी) मनोज भौर्याल, आयोग के सदस्य कुन्दन सिंह रेखोला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रधानाचार्य महेश चंद्र पांडे, प्रबन्धक जगदीश कालाकोटी और संचालक प्रकाश कालाकोटी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त सुरेश कालाकोटी, युवा मोर्चा महामंत्री हरीश मेहरा, दीवान कालाकोटी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शेखर जोशी, आनंद पुरी गोस्वामी, हिमांशु गोस्वामी, प्रशांत नगरकोटी सहित समस्त ग्राम प्रधान, शिक्षक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






