देवभूमि जन हुंकार, देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली से आई बारात में शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हे पक्ष ने 20 लाख रुपये की मांग कर दी। दुल्हन पक्ष ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दूल्हा पक्ष दुल्हन को साथ लिए बिना ही बारात लेकर दिल्ली लौट गया।
गुरुद्वारे में रस्मों के बाद ब्यूटी पार्लर से लौटते समय रखा गया 20 लाख का प्रस्ताव
बताया जा रहा है कि मामला 27 नवंबर का है। दुल्हन के भाई की ओर से महिला हेल्पलाइन में दी गई शिकायत के अनुसार, दिल्ली से बारात देहरादून के कोतवाली क्षेत्र में पहुंची थी। एक गुरुद्वारे में शादी की रस्में संपन्न होने के बाद प्रीतिभोज का आयोजन होना था। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गए।
शिकायत के मुताबिक, दूल्हा-दुल्हन के तैयार होने के दौरान दूल्हे के भाई और भाभी ने दुल्हन पक्ष के सामने विदाई से पहले 20 लाख रुपये देने की मांग रखी। अचानक इतनी बड़ी रकम की मांग से दुल्हन पक्ष परेशान हो गया और परिवार ने तत्काल इतनी रकम जुटाने में असमर्थता जताई।
बारातियों को प्रीतिभोज खाने से रोका, बिना दुल्हन दिल्ली लौटी बारात
आरोप है कि इसके बाद दूल्हा पक्ष अपनी मांग पर अड़ गया और दुल्हन को साथ लेकर जाने से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर दूल्हा पक्ष ने बारातियों को खाना खाने से भी रोक दिया, जिसके चलते मेहमानों के लिए तैयार किया गया पूरा प्रीतिभोज भी बर्बाद हो गया। आखिरकार 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन की विदाई कराए बारात लेकर दिल्ली लौट गया।
महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज, काउंसलिंग के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना के बाद दुल्हन और उसके परिवार की ओर से महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में दूल्हे, उसके भाई-भाभी, जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ शादी के बाद दहेज की मांग करने तथा दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार करने के आरोप में कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत मिलने के बाद महिला हेल्पलाइन की ओर से दूल्हा पक्ष से संपर्क किया गया है और दोनों परिवारों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के लिए काउंसलिंग में बुलाया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई काउंसलिंग के बाद की प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।


